
दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला (Venezuela) में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन देखने को मिल रहा है। हजारों की भीड़ राष्ट्रपति के महल (Presidential Palace) की ओर बढ़ रही है। लोग विवादित चुनाव में राष्ट्रपति निकोलस मादुरो (Nicolas Maduro) की जीत के दावे के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। 28 जुलाई को वेनेजुएला के चुनाव में निकोलस मादुरो को विजेता घोषित किया गया था। आधी रात के तुरंत बाद नेशनल इलेक्टोरल काउंसिल ने कहा कि मादुरो ने मुख्य विपक्षी उम्मीदवार एडमंडो गोंजालेज को पछाड़ते हुए 51 फीसदी मत हासिल किए है। अमेरिका ने सोमवार को कहा कि मादुरौ की जीत की कोई विश्वसनीयता नहीं है।
अन्य लोगों ने भीड़ की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की, जिस पर कैप्शन लिखा ‘तानाशाह को मार गिराओ’। बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक राष्ट्रपति के महल को बचाने के लिए बड़ी संख्या में सैन्य काफिले को जाते हुए देखा गया। बड़ी-बड़ी राइफलों के साथ सैनिक मौजूद थे। मादुरो की जीत के दावे के अगले दिन ही वेनेजुएला की राजधानी में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया था, जिस पर पुलिस बल ने आंसू गैस छोड़े थे। विपक्ष ने मादुरो की जीत की घोषणा को धोखाधड़ी बताते हुए खारिज कर दिया और कहा कि उसके उम्मीदवार एडमंडो गोजालेज को 73.2 फीसदी वोट मिले हैं।
मादुरो से क्यों नाराज है जनता?
चुनाव से पहले ओपिनियन पोल ने एडमंडों की स्पष्ट जीत की संभावना जताई थी। देश के आर्थिक संकट को लेकर जनता में असंतोष है। 11 साल से मादुरो सत्ता में हैं, जिन्हें हटाने के लिए विपक्षी दल गोंजालेज के साथ एकजुट हो गए। कई पश्चिमी और लैटिन अमेरिकी देशों, साथ ही संयुक्त राष्ट्र सहित अंतरराष्ट्रीय निकायों ने वेनेजुएला के अधिकारियों से हर पोलिंग स्टेशन के मतदान रेकॉर्ड जारी करने का आह्वान किया है। इससे पहले कई लोग अपने घरों और सड़कों पर विरोध में बर्तन और तवे बजा रहे थे।
क्या बोले लोग?
फुटेज में काराकास की सड़कों पर बड़ी संख्या में लोगों को देखा जा सकता है। टायर जलाए जा रहे हैं। पुलिस लोगों को राष्ट्रपति भवन की ओर जाने से रोकने के लिए मोटरबाइकों पर आंसू गैस छोड़ रही है। मादुरो समर्थक अर्धसैनिक बल भी इकट्ठा हो रहे हैं। प्रदर्शन में शामिल 41 वर्षीय पाओला सरजालेजो ने कहा कि वोटिंग में भयानक धोखाधड़ी हुई थी। हम 70 फीसदी से जीते हैं। लेकिन उन्होंने फिर से हमारे चुनाव को छीन लिया। वहीं उसके पिता मिगुएल (64) ने सहमति जताते हुए कहा कि हम अपने युवाओं और देश के लिए बेहतर भविष्य चाहते हैं। मादुरो चुनाव हार गए हैं, उन्हें राष्ट्रपति भवन में रहने का कोई अधिकार नहीं है।